Khesari Lal Yadav: खेसारी लाल यादव अगर भाजपा से विधानसभा चुनाव लड़ते हैं तो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री पर पार्टी का एकछत्र राज कायम हो जाएगा. भोजपुरी इंडस्ट्री से पहले से मनोज तिवारी, रविकिशन, दिनेशलाल यादव उर्फ निरहुआ आदि अपना जलवा दिखा चुके हैं. पवन सिंह भी कतार में खड़े हैं.
Trending Photos
Khesari Lal Yadav: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) अकसर समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के सियासी मंचों पर शिरकत करते नजर आते हैं. लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के पक्ष में उन्होंने प्रचार किया था तो दिल्ली के विधानसभा चुनाव 2025 में खेसारी लाल यादव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के पक्ष में बादली सीट पर प्रचार किया था. अब जब दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं तो खेसारी लाल यादव का एक बयान वायरल हो रहा है. बिहार के दरभंगा में खेसारी लाल यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोज तिवारी का नाम अपनी तरफ से उछाल दिया है और कहा है कि अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं तो इससे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को सबसे ज्यादा खुशी होगी.
READ ALSO: 'पागल' हो गए भोजपुरी के ये सिंगर! इस लिस्ट में खेसारी, तूफानी,गुंजन से लेकर कई स्टार
खेसारी लाल यादव से जब यह पूछा गया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे कौन हैं तो उनका जवाब था- मनोज भैया. उन्होंने कहा, 'अगर मनोज भैया मुख्यमंत्री बनते हैं तो यह हम सभी बिहारियों के लिए खुशी की बात होगी. हमारे प्रदेश का, हमारी भाषा का एक कलाकार मुख्यमंत्री बनेगा तो हमें बहुत गर्व होगा. मनोज भैया ने हमेशा हमें रास्ता दिखाया है. हम इसके लिए सबसे अधिक खुश होंगे. सारे कलाकार खुश होंगे. हम बिहारियों और पूर्वांचलियों के लिए इससे बड़ा खुशी का मौका और कुछ नहीं हो सकता.'
खेसारी लाल यादव को कई बार तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव के साथ देखा गया है. लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने मीसा भारती के लिए पाटलिपुत्र में प्रचार करते देखा गया था. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से भी खेसारी लाल यादव की नजदीकी जगजाहिर है. वहीं खेसारी लाल यादव अब भाजपा सांसद मनोज तिवारी की तारीफ कर रहे हैं. इससे संकेत मिलता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव से इसका कनेक्शन हो सकता है. कयास तो यह भी लगाए जा रहे हैं कि खेसारी लाल यादव का बदला मिजाज कहीं भाजपा में जाने की तैयारी की वजह से तो नहीं है.
READ ALSO: खेसारी लाल यादव ने कर दी बड़ी गलती? सदमे में भोजपुरी इंडस्ट्री!
कहा जा रहा है कि 2025 यानी इसी साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में अगर खेसारी लाल यादव भाजपा का दामन थाम लें या किसी सीट से चुनाव लड़ते दिखाई दें तो आश्चर्य की बात नहीं होनी चाहिए. खेसारी लाल यादव ने मनोज तिवारी के बहाने यह भी कह दिया कि मनोज भैया अगर मुख्यमंत्री बन जाते हैं तो आगे चलकर हम भी मुख्यमंत्री बनने की सोच सकते हैं. माना जा रहा है कि खेसारी लाल यादव का यह बयान जाहिर करता है कि खेसारी लाल यादव और राजनीति के बीच में जो गैप बना हुआ है, वह आने वाले दिनों में खत्म हो सकता है.